चंडीगढ़, 20 अगस्त 2025: चंडीगढ़ पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने एसपी/साइबर क्राइम गीतांजलि खंडेलवाल के निर्देशन और डीएसपी ए. वेंकटेश के मार्गदर्शन में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। इंस्पेक्टर इरम रिजवी, एसएचओ, साइबर क्राइम, के नेतृत्व में टीम ने 1.3 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में जोशुआ ऑस्कर नेविस (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। यह मामला 20 अप्रैल को दर्ज एफआईआर संख्या 44 के तहत जांच में था, जिसमें बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत कार्रवाई की गई।
पीड़ित ने शिकायत दर्ज की थी कि उसे एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज मिला, जिसमें भेजने वाले ने खुद को उसका नियोक्ता बताकर एक नए प्रोजेक्ट के लिए तत्काल 1.3 करोड़ रुपये ट्रांसफर करने को कहा। झूठे केस में फंसाने की धमकी के डर से पीड़ित ने जोशुआ ऑस्कर नेविस के नाम वाले आईसीआईसीआई बैंक खाते में राशि ट्रांसफर कर दी। बाद में उसे ठगी का एहसास हुआ।
साइबर क्राइम पुलिस ने गहन जांच के बाद 13 अगस्त को मुंबई, महाराष्ट्र में छापेमारी कर आरोपी जोशुआ ऑस्कर नेविस को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी देखे: कनाडा भेजने के नाम पर 3.30 लाख की ठगी, ट्रैवल एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज