लखनऊ, 08 मई 2025: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ वाराणसी के चेतगंज थाने में राफेल विमान को लेकर दिए गए विवादित बयान और खिलौना विमान पर नींबू-मिर्ची लटकाकर प्रतीकात्मक विरोध के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन पर राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाने और अफवाह फैलाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है।
यह मुकदमा राष्ट्रवादी हिन्दू शक्ति वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और छावनी क्षेत्र के निवासी प्रदीप कुमार गुप्ता की शिकायत पर दर्ज किया गया। गुप्ता ने बताया कि 5 मई 2025 को वे अपने संगठन के कार्यालय (जगतगंज, लहुराबीर) में पदाधिकारियों के साथ थे, जब उन्हें पता चला कि अजय राय ने एक खिलौना विमान पर नींबू-मिर्ची लटकाकर उसे राफेल विमान बताते हुए मीडिया के सामने पेश किया। गुप्ता के अनुसार, राय ने राफेल को बेकार बताकर भारतीय सेना का अपमान किया, जिससे पाकिस्तान जैसे शत्रु देश में भारत का मजाक बना।
गुप्ता ने आरोप लगाया कि राय का यह कृत्य न केवल भारतीय सेना का मनोबल तोड़ने की कोशिश था, बल्कि पाकिस्तान का हौसला बढ़ाने और राष्ट्रविरोधी माहौल को बढ़ावा देने का भी प्रयास था। इस शिकायत के आधार पर चेतगंज थाने में अजय राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये भी देखे: ऑपरेशन सिंदूर में अब तक 100 से अधिक आतंकी मारे गए, ऑपरेशन अब भी जारी- राजनाथ सिंह