चंबा में गहरी खाई में गिरी कार, एक व्यक्ति की मौत; दो दिन बाद चला हादसे का पता

by Manu
सड़क हादसा

डलहौजी, 01 जुलाई 2025: बनीखेत-खैरी मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। मृतक युवक कर्ण सिंह अपने परिवार की इकलौती संतान था। उसकी कार गहरी खाई में जा गिरी।

डलहौजी की बगढार पंचायत के छनुइं गांव के रहने वाले चचेरे भाई कर्ण सिंह (पुत्र व्यास देव) और सुमित ठाकुर (पुत्र काका राम) रविवार को कार (नंबर HP 73 A 6631) से किसी काम के सिलसिले में बनीखेत गए थे। वापसी के दौरान बडेरु गांव के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। जिस जगह हादसा हुआ, वहां ढलान बहुत ज्यादा थी, जिससे कार लुढ़कते हुए नीचे बह रहे नाले में जा पहुंची। दोनों युवक कार से छिटककर बाहर गिर गए।

हादसे में चालक कर्ण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमित ठाकुर को गंभीर चोटें आईं। हैरानी की बात यह है कि इस हादसे का पता दो दिन बाद मंगलवार को चला। न तो परिवार वालों को और न ही आसपास के लोगों को इसकी भनक लगी। रविवार को जब दोनों युवक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। फोन करने की कोशिश की, लेकिन दोनों के मोबाइल बंद थे। सोमवार को भी परिजनों ने अपनी ओर से काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने बडेरु गांव के पास एक पेड़ पर वाहन की टक्कर के निशान देखे। गौर से देखने पर उन्हें ढांक में कार की नंबर प्लेट दिखी, जिसके बाद हादसे का पता चला। इस दुखद घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

ये भी देखे: शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर खाई में गिरी पिकअप गाड़ी

You may also like