कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने पंजाब शिक्षा क्रांति के तहत 6 सरकारी स्कूलों में 2.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत की

by TheUnmuteHindi
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने पंजाब शिक्षा क्रांति के तहत 6 सरकारी स्कूलों में 2.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत की

सुनाम ऊधम सिंह वाला/संगरूर, 7 अप्रैल :  मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पिछले तीन वर्षों से राज्य के सरकारी स्कूलों में सर्वोत्तम बुनियादी ढांचा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता को लगातार कायम रख रही है। यह प्रगटावा पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने आज शिक्षा क्रांति के तहत सुनाम ऊधम सिंह वाला विधानसभा क्षेत्र के 6 सरकारी स्कूलों में 2.51 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का आगाज़ करते हुए किया ।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा के लिए अनुकूल माहौल बनाया : अमन अरोड़ा

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार ने सरकारी स्कूलों को और बेहतर बनाने के लिए पंजाब शिक्षा क्रांति मुहिम शुरू की है, जिसके तहत स्कूलों में हर सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में पिछली सरकारों ने शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों को पूरी तरह भुला दिया था, लेकिन मान सरकार ने इन दोनों क्षेत्रों को विकास की मुख्य धुरी बनाया और यही कारण है कि पंजाब के सरकारी स्कूल आज शिक्षा प्रणाली और सुविधाओं के मामले में निजी स्कूलों को पीछे छोड़ रहे हैं ।

पंजाब के इतिहास में पहली बार शिक्षा और स्वास्थ्य विकास के केंद्र बिंदु बने – अमन अरोड़ा

उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों में 9000 से अधिक विद्यार्थी निजी स्कूलों को छोड़ कर सरकारी स्कूलों में दाखिल हुए हैं और यह इसलिए संभव हो पाया है क्योंकि मान सरकार पंजाब के सरकारी स्कूलों की कायापलट करके नया पंजाब बना रही है, जहां पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल, अत्याधुनिक शिक्षा प्रणाली, स्कूली अध्यापकों की पढ़ाने की शैली को सुधारने के लिए विदेशों के शैक्षणिक दौरे, स्कूलों में पढ़ाई के लिए वाई-फाई सुविधा, स्कूलों की चारदीवारी, सुरक्षा गार्ड, नए क्लासरूम का निर्माण, विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ शौचालय, खेल के मैदान, स्वच्छ पेयजल, अध्यापकों की नियमित भर्ती और हर जरूरत को पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा उपलब्ध करवाए गए बेहतरीन शैक्षणिक माहौल के कारण ही पंजाब के सरकारी स्कूलों के 189 विद्यार्थियों ने जेईई की परीक्षा पास कर नाम कमाया है, जिनमें सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बडरुखा का प्रतिभाशाली विद्यार्थी रोशन कुमार भी शामिल है ।

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने अभिभावकों और अध्यापकों से की अपील, नशे के खात्मे के लिए बच्चों को खेलों में शामिल किया जाए

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने आज शिक्षा क्रांति अभियान के तहत सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सरकारी प्राइमरी स्कूल बडरूखां में 1.98 करोड़ रुपये की लागत से साइंस लैब, लाइब्रेरी, फिजिक्स लैब, बायो लैब, कंप्यूटर लैब, रिसोर्स रूम जैसे विकास प्रोजेक्टों की शुरुआत की ।  इसके बाद उन्होंने सरकारी हाई स्कूल तकीपुर में 9.55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए कक्षा रूम,
सरकारी एलीमेंट्री स्कूल रत्तोके में 9.55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए क्लासरूम की आधारशिला रखी गई। इसके बाद उन्होंने सरकारी प्राइमरी स्कूल साहोके और सरकारी प्राइमरी स्कूल ढडरियां में 9.55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए कमरों का शिलान्यास किया। इस के अलावा सरकारी प्राइमरी स्कूल तोगावाल में 9.55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कमरे की आधारशिला रखने के साथ-साथ 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित स्कूल की चारदीवारी का उद्घाटन भी किया गया ।

कैबिनेट मंत्री ने विद्यार्थियों के अभिभावकों और अध्यापकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों में शामिल करें

कैबिनेट मंत्री ने विद्यार्थियों के अभिभावकों और अध्यापकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों में शामिल करें, ताकि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा शुरू की गई नशा मुक्ति मुहिम के उद्देश्य पूरे किए जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि आने वाले समय में सरकारी स्कूल हर मामले में निजी स्कूलों से बेहतर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार विद्यार्थियों को सर्वोच्च सुविधाएं देने के लिए वचनबद्ध है, क्योंकि केवल शिक्षा ही बच्चों और युवाओं के भविष्य को सही दिशा देने और उसे सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है । इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा व डिप्टी कमिश्नर संदीप ऋषि को विभिन्न स्कूलों के प्रबंधकों, प्रशासनिक समितियों व ग्राम पंचायतों के प्रभारियों द्वारा सम्मानित भी किया गया । इस मौके पर एसडीएम चरणजोत सिंह वालिया, जिला शिक्षा अधिकारी तरविंदर कौर के साथ कई सरपंच, गांव निवासी भी मौजूद थे ।

You may also like