चंडीगढ़, 17 जून 2025: हरियाणा कैबिनेट की बैठक 26 जून को मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। जानकारी के अनुसार, इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी ग्रुप-सी की नई पदों से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय ले सकते हैं। इसके अतिरिक्त, बैठक में सभी विभागों में कर्मचारियों के ऑनलाइन ट्रांसफर नीति पर भी बड़ा निर्णय लिया जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक सरकार के कई महत्वपूर्ण फैसलों का आधार बनेगी। कर्मचारियों की ऑनलाइन ट्रांसफर नीति पर विचार करते हुए सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों के स्थानांतरण को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाना है। यह नीति विभागों के बीच समन्वय को बेहतर करने के साथ-साथ कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्थिति और कार्य क्षमता के आधार पर स्थानांतरण की प्रक्रिया को आसान बनाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस मुद्दे को लेकर कई विभागों से विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है, ताकि निर्णय लेने से पहले सभी पहलुओं पर विचार किया जा सके। इसके साथ ही, बैठक में सरकारी सेवाओं में सुधार, रोजगार सृजन और नागरिक कल्याण से जुड़े अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा हो सकती है।
इससे पहले, 5 मई को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई थी, जिसमें कुल 24 एजेंडों पर चर्चा की गई थी। इनमें से 22 एजेंडों को मंजूरी दी गई थी, जबकि 2 एजेंडों को कुछ और जानकारी मिलने तक टाल दिया गया था।
हरियाणा सरकार का यह कदम प्रदेश के प्रशासनिक सुधारों की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम हो सकता है, जिससे सरकार की कार्यप्रणाली में और अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही आएगी।
यह भी पढ़े: UP News: स्कूलों का नया टाइम हुआ जारी,बच्चों को दोपहर की भीषण गर्मी से मिलेगी राहत