बिलासपुर, 11 जुलाई 2025: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में शुक्रवार, 11 जुलाई 2025 को तड़के नम्होल चौक के पास एक भीषण बस हादसा हो गया। इस हादसे में 32 यात्री घायल हो गए, जिनमें से सात की हालत गंभीर है। यह निजी बस पंजाब के नूरमहल से श्रद्धालुओं को लेकर दरलाघाट लौट रही थी, तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद घायलों को तुरंत एम्स बिलासपुर ले जाया गया। बस चालक को मारकंड के सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एम्स बिलासपुर पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घायलों को त्वरित और उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही, राज्य सरकार की ओर से घायलों को हर संभव सहायता और तत्काल राहत राशि देने का आश्वासन दिया। बिलासपुर पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी देखे: चंबा में गहरी खाई में गिरी कार, एक व्यक्ति की मौत; दो दिन बाद चला हादसे का पता