चंडीगढ़ की इस फ़ेमस मार्किट पर चला बुलडोजर, भावुक हुए दुकानदार

by Nishi_kashyap
फ़ेमस मार्किट

चंडीगढ़,20 जुलाई,2025: चंडीगढ़ से बड़ी ख़बर सामने आई है। सेक्टर-53/54 स्थित चंडीगढ़ की सबसे पुरानी और बड़ी फर्नीचर मार्कीट पर आज प्रशासन की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। प्रशासन ने मार्कीट को खाली करवाने के लिए बुलडोजऱ चलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। कई दुकानदार अपनी दुकान से सामान भी नहीं निकाल पाए थे, जिन्हें मौके पर चेतावनी दी जा रही थी कि वे तुरंत अपना सामान निकाल लें।

इस दौरान मोहाली जाने वाली सड़क को दोनों ओर से बंद कर दिया गया है। फर्नीचर मार्केट की करीब 116 छोटी-बड़ी दुकानों को बुलडोजऱ से ध्वस्त किया गया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रशासन ने इससे पहले भी दुकानदारों को नोटिस जारी किए थे। कई दुकानदारों ने पहले ही अपने सामान को बाहर निकाल लिया था, लेकिन फिर भी कई भावुक दुकानदार अपने ढहते हुए आशियानों की मोबाइल में वीडियो बनाते नजर आए।

दुकानदारों की ओर से प्रशासन से वैकल्पिक स्थान देने की माँग की गई थी, लेकिन एस्टेट अधिकारी ने इस माँग को ठुकरा दिया। यह मार्कीट लंबे समय से अवैध कब्जे के तहत संचालित की जा रही थी और प्रशासन ने इसे खाली कराने के लिए पहले ही आगाह कर दिया था।

यह भी पढ़ें: पंजाब में अगले 48 घंटे बेहद भारी! मौसम विभाग ने जारी की बड़ी चेतावनी

You may also like