तुर्किये और अजरबैजान का बॉयकॉट, टिकट बुकिंग्स में 60 फीसदी कमी आई

by Manu
तुर्किये और अजरबैजान बुकिंग्स

नई दिल्ली, 14 मई 2025: भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान का खुलकर समर्थन करने वाले तुर्किये और अजरबैजान के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। भारतीय पर्यटकों ने इन देशों की यात्रा के लिए की गई बुकिंग्स रद्द करना शुरू कर दिया है।

मेक माय ट्रिप ने बंद किए सभी विज्ञापन और ऑफर

मेक माय ट्रिप के एक प्रवक्ता ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में इन देशों के लिए भारतीय यात्रियों का उत्साह काफी कम हुआ है। तुर्किये और अजरबैजान के लिए बुकिंग्स में 60% की गिरावट आई है, जबकि टिकट रद्द करने की संख्या में 250% का उछाल देखा गया है। प्रवक्ता ने कहा, “हम अपने देश और सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान के साथ इस भावना का समर्थन करते हैं और सभी से अनुरोध करते हैं कि तुर्किये और अजरबैजान की गैर-जरूरी यात्राएं टालें। हमने अपने प्लेटफॉर्म पर इन देशों को बढ़ावा देने वाले सभी विज्ञापन और ऑफर बंद कर दिए हैं।”

ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की पूर्व अध्यक्ष ज्योति मयाल ने कहा कि तुर्किये द्वारा पाकिस्तान को ड्रोन आपूर्ति करना भारतीयों की भावनाओं के खिलाफ है। उन्होंने बताया, हमने पर्यटन के जरिए इन देशों की बहुत मदद की, खासकर कोरोना के बाद। पिछले साल 3.3 लाख भारतीय तुर्किये गए, जिससे उनकी अर्थव्यवस्था में करीब 4,000 करोड़ रुपये का योगदान हुआ। भारत और तुर्किये के बीच व्यापार भी बड़ा है। लेकिन इन देशों का पाकिस्तान के साथ खड़ा होना लोगों को चुभा है। नतीजतन, 50% बुकिंग्स रद्द हो चुकी हैं।

ये भी देखे: भारत ने पाकिस्तानी उच्चायोग के एक अधिकारी को 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने के आदेश दिए

You may also like