पटना, 02 जुलाई 2025: बिहार बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक आज (बुधवार) पटना में हो रही है, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस बैठक में 1,200 से अधिक प्रमुख नेता हिस्सा लेंगे और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। पार्टी इस दौरान विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार करेगी। बैठक में एक राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया जाएगा, जिसमें बिहार के विकास और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जाएगा।
इसके अलावा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव द्वारा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के कथित अपमान के खिलाफ एक निंदा प्रस्ताव भी पारित होगा। जायसवाल ने कहा, “लालू यादव का बाबा साहेब का अपमान करना अस्वीकार्य है। हमारी कार्यसमिति इसकी कड़े शब्दों में निंदा करेगी।”
जायसवाल ने यह भी कहा कि यह बैठक बिहार की जनता को बीजेपी के विकास के विजन से जोड़ने के लिए एक नया संदेश देगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी का लक्ष्य बिहार को विकास के रास्ते पर और तेजी से आगे ले जाना है, और यह बैठक उनकी रणनीति को और मजबूती देगी।
ये भी देखे: बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार आज शाम 4 बजे, भाजपा से पांच नए चेहरे होंगे शामिल