बीजेपी ने बिहार से नितिन नवीन और शिवेश राम को बनाया राज्यसभा का उम्मीदवार

by Manu
पीएम मोदी और नितिन नवीन

पटना, 03 मार्च 2026: बिहार से खाली हो रही पांच राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने इनमें से दो सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दलित नेता शिवेश कुमार ऊर्फ शिवेश राम को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

बीजेपी ने सोमवार को कुल नौ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जिसमें बिहार से इन दो नाम शामिल हैं। नितिन नवीन फिलहाल पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने पहले बिहार सरकार में महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाले हैं। राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर उन्हें विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना होगा जिसके बाद वहां उपचुनाव की संभावना है।

दूसरे उम्मीदवार शिवेश कुमार राम अगिआंव से पूर्व विधायक रह चुके हैं। उन्होंने सासाराम लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ा है। दलित नेता के रूप में उनकी मजबूत पहचान है और पार्टी ने उन्हें सामाजिक संतुलन के लिए मैदान में उतारा है। दोनों नेता 5 मार्च को नामांकन दाखिल करेंगे।

बिहार में राज्यसभा की कुल पांच सीटें खाली हो रही हैं। इनमें से चार पर एनडीए की जीत लगभग तय मानी जा रही है जबकि पांचवीं सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।

ये भी देखे: नई दिल्ली में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से की मुलाकात

You may also like