कोलकाता, 18 अप्रैल 2025: बंगाल में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष 61 साल की उम्र में शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। वह लंबे समय से भाजपा कार्यकर्ता रहीं रिंकू मजूमदार से शादी करने जा रहे हैं। रिंकू मजूमदार बंगाल में भाजपा महिला मोर्चा की प्रभारी थीं।
दिलीप अपनी होने वाली पत्नी रिंकू के साथ 3 अप्रैल को ईडन गार्डन्स में केकेआर का मैच देखने आए थे। उनके साथ रिंकू का बेटा भी स्टेडियम में आया था। जब वे सार्वजनिक रूप से एक साथ देखे गए तो ऐसी खबरें आईं कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं। अब मीडिया रिपोर्ट्स से पता चला है कि शुक्रवार को दिलीप घोष न्यूटाउन स्थित अपने आवास पर रिंकू मजूमदार के साथ सात फेरे लेने वाले हैं।
दिलीप के दोस्तों के अनुसार, लोकसभा चुनाव में हार के बाद दिलीप दुखी थे। रिंकू ने दिलीप के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था। लेकिन उन्होंने मना कर दिया था। लेकिन बाद में दिलीप की मां के आग्रह पर वे शादी के लिए राजी हो गए। इस शादी में बहुत करीबी रिश्तेदार मौजूद रहेंगे। तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने दिलीप घोष को उनकी शादी की शुभकामनाएं दीं। रिंकू मजूमदार 50 वर्ष की हैं। आज दोनों की शादी कोलकाता में होगी।
ये भी देखे: यमुना नदी की सफाई के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने की हाई लेवल मीटिंग, क्या बना प्लान?