चंडीगढ़, 04 नवंबर 2025: हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कांग्रेस सरकार पर प्रहार किया है। कपूर ने सरकार पर प्रदेश हितों और लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी का गंभीर आरोप लगाते हुए कई ज्वलंत मुद्दों को उछाला। पंचायत और नगर निकाय चुनावों को स्थगित करने की कोशिशों, भूमि सुधार की धारा 118 में संशोधन के प्रयासों, ठेकेदारों के बकाया भुगतान में देरी और सहकारी संस्थाओं के चुनावों में सरकारी दखलंदाजी जैसे मुद्दों पर कपूर ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए।
प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने बयान जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार लोकतंत्र के सबसे निचले पायदान स्थानीय निकायों के चुनावों को वार्ड पुनर्गठन के बहाने टालने की साजिश रच रही है। यह कदम जनता के संवैधानिक अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को जनता के बीच जाने से डर लग रहा है.
भूमि सुधार की धारा 118 पर संशोधन के कथित इरादे को लेकर कपूर ने सरकार को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह धारा हिमाचल की जमीन और पहाड़ी पहचान की रक्षा का कवच है। इसमें कोई छेड़छाड़ राज्य के मूल निवासियों के हितों को चोट पहुंचाएगी और भू-माफिया को खुली छूट देगी।
ये भी देखे: कल करसोग में CM सुक्खू का दौरा, विकास योजनाओं का करेंगे उद्घाटन-शिलान्यास