इंदौर, 21 फरवरी 2026: दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय (गांधी भवन) घेरने की घोषणा की थी। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी दोपहर एक बजे से वहां जुटकर उनका मुकाबला किया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ जिसमें पानी की बोतलें, टमाटर और पत्थर एक-दूसरे पर फेंके गए।
पथराव में कम से कम 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक मीडियाकर्मी और एक पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। कांग्रेस की महिला नेत्री बिंदू चौहान को सबसे गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत डॉक्टरों की निगरानी में है।
भाजपा कार्यकर्ता एआई समिट में यूथ कांग्रेस के शर्ट उतारकर किए गए प्रदर्शन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारों का विरोध करने के लिए गांधी भवन पहुंचे थे। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता पहले से ही मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा में दिए गए बयान के विरोध में वहां जुटे हुए थे। दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने के बाद पथराव शुरू हो गया।
ये भी देखे: आतिशी की टिप्पणी पर सिख समुदाय में रोष, इंदौर में AAP दफ्तर पर की तोड़फोड़