मुंबई, 25 जून 2025: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज कप्तान सौरव गांगुली की जिंदगी पर जल्द ही एक बायोपिक बनने वाली है। ‘क्रिकेट के दादा’ के नाम से मशहूर गांगुली न सिर्फ भारतीय क्रिकेट, बल्कि विश्व क्रिकेट में भी एक बड़े नाम हैं। इस फिल्म में बॉलीवुड के मशहूर और नेशनल अवॉर्ड विजेता अभिनेता राजकुमार राव मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
राजकुमार राव निभाएंगे सौरव गांगुली का किरदार
राजकुमार राव ने एनडीटीवी से बातचीत में पुष्टि की कि वह सौरव गांगुली का किरदार निभाएंगे। उन्होंने बताया कि इस रोल को लेकर वह काफी नर्वस हैं, लेकिन साथ ही एक नए चैलेंज के लिए उत्साहित भी हैं। राजकुमार ने कहा, “मैं नर्वस हूं, क्योंकि ये एक बड़ी जिम्मेदारी है, लेकिन इसे करने में बहुत मजा आएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि वह बंगाली लहजे को पर्दे पर उतारने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
गांगुली ने राजकुमार राव की तारीफ
वहीं, सौरव गांगुली ने कहा कि इस फिल्म के लिए राजकुमार राव को फाइनल कर लिया गया है और उनके मुताबिक, उनसे बेहतर कोई और उनके किरदार को नहीं निभा सकता। गांगुली ने राजकुमार की तारीफ करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि सही शख्स यह किरदार निभा रहा है। मैं उनकी हर तरह से मदद करूंगा।”
अगले साल रिलीज होगी फिल्म
गांगुली भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं, जिन्होंने 1992 से 2008 तक टीम इंडिया के लिए क्रिकेट खेला। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग जनवरी 2026 में शुरू हो सकती है और यह फिल्म दिसंबर 2026 के अंत तक सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है।
ये भी देखे: डॉ कलाम की बायोपिक का ऐलान, कलाम: द मिसाइल मैन ऑफ इंडिया होगा नाम