नवादा, 15 मई 2025: बिहार के नवादा में काशीचक थाना क्षेत्र के लीलाबिगहा गांव में पुलिस टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया, जब वह छापेमारी के लिए गई थी। इस हमले में कई पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो आरोपियों, संजय यादव और भुनेश्वर यादव, दोनोंलीलाबिगहा निवासी, को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष वसंत कुमार राय ने बताया कि रात करीब 9 बजे पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने गयी थी, तभी उन पर हमला हुआ। इस मामले में कांड संख्या 78/25 दर्ज किया गया है, जिसमें 22 नामजद और 25 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
दरअसल, यह घटना 15 अप्रैल को लीलाबिगहा में दो पक्षों के बीच हुए हिंसक झड़प से जुड़ी है, जिसमें जमीन विवाद को लेकर दर्जनों राउंड गोलियां चली थीं। इस गोलीबारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कई लोग हथियार लहराते और फायरिंग करते दिखे थे। अब तक इस मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, और बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही थी, तभी यह हमला हुआ।
बिहार में पुलिस पर हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है। पहले भी कई बार अपराधियों को पकड़ने गई पुलिस पर हमले हो चुके हैं, जो कानून-व्यवस्था की चुनौतियों को उजागर करता है।
ये भी देखे: समस्तीपुर: व्यवसायी से चोरी मामले में 7 अपराधी गिरफ्तार, 20 लाख के गहने और नकदी बरामद