BIHAR NEWS: पटना में BPSC TRE-3 के अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, जाने मामला

by Manu
पटना में लाठीचार्ज

पटना, 06 मई 2025: बिहार में BPSC TRE-3 के सप्लीमेंट्री रिजल्ट की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार सुबह सैकड़ों अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे। लेकिन, प्रदर्शन के दौरान स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कई अभ्यर्थी घायल हो गए। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया, जिसमें महिला अभ्यर्थियों को भी नहीं बख्शा गया।

क्या है अभ्यर्थियों के मांग?

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले चार महीनों से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। एक महिला प्रदर्शनकारी ने कहा, “हम सिर्फ सप्लीमेंट्री रिजल्ट की मांग कर रहे हैं। 87,774 पदों के लिए विज्ञापन निकाला गया था, लेकिन केवल 66,000 के करीब रिजल्ट घोषित हुए। बाकी 21,000 सीटें क्यों खाली रह गईं?” कई अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने न केवल लाठीचार्ज किया, बल्कि महिला प्रदर्शनकारियों को अपशब्द भी कहे।

अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि BPSC TRE-3 का सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी किया जाए, ताकि खाली रह गई सीटें भरी जा सकें। उनका कहना है कि रिजल्ट में गड़बड़ियां हुई हैं, जैसे कि एक ही उम्मीदवार का नाम तीन अलग-अलग सूचियों में शामिल होना। इससे पहले मार्च में भी अभ्यर्थियों ने 50 दिनों तक पटना में विरोध प्रदर्शन किया था, और बिहार के राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान ने उनकी शिकायतें सुनकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में हस्तक्षेप से इनकार कर दिया था।

लाठीचार्ज पर पुलिस का बयान

प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं और चेतावनी दी है कि अगर उनकी बात नहीं सुनी गई तो आंदोलन और तेज होगा। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारी प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जिसके कारण हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। बिहार सरकार ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं और शांति बनाए रखने की अपील की है।

ये भी देखे: सीएम आवास पर प्रदर्शन करने जा रहे थे कन्हैया कुमार, पुलिस ने हिरासत मे लिया

You may also like