पटना, 17 जून 2025: बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव प्रखंड के एकचारी से झारखंड के गोड्डा जिले के महगामा तक 27.25 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बनने जा रही है। इसमें 14.30 किलोमीटर भागलपुर में ग्रीनफील्ड सड़क होगी। इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। कहलगांव अंचल के 4 और सन्हौला अंचल के 17 मौजा में जमीन ली जाएगी। भू-अर्जन विभाग ने सर्वे शुरू कर दिया है और जल्द ही रैयतों के नाम के साथ 3डी नोटिफिकेशन जारी करेगा।
1006 करोड़ आएगी लागत, ढाई साल में होगा तैयार फोरलेन
1006 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क ढाई साल में तैयार होगी। इसके बनने से कहलगांव, पीरपैंती, और सबौर के लोगों को झारखंड के गोड्डा, देवघर, और दुमका जाने में आसानी होगी। महगामा से हंसडीहा और हंसडीहा से देवघर के चौपा मोड़ तक पहले से फोरलेन सड़क का काम चल रहा है। इस सड़क के पूरा होने पर भागलपुर से बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर का सफर सिर्फ दो घंटे में हो सकेगा।
पहले इस सड़क पर बिहार का पहला 4 किलोमीटर लंबा एयरस्ट्रिप बनना था, लेकिन व्यवहार्यता (फिजिबिलिटी) न मिलने के कारण इसे रद्द कर दिया गया है। अब यह सड़क केवल फोरलेन के रूप में बनेगी।
ये भी देखे: BIHAR: पटना-गया फोरलेन हाईवे कॉरिडोर जल्द आम लोगों के लिए खुलेगा