मुंबई, 2 अप्रैल 2025: भारतीय नौसेना के फ्रंटलाइन फ्रिगेट आईएनएस तरकश ने बुधवार को पश्चिमी हिंद महासागर में एक बड़ी सफलता हासिल की है। समुद्री सुरक्षा अभियान के तहत चलाए गए ऑपरेशन में नौसेना ने 2500 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किए है।
आईएनएस तरकश, जो पश्चिमी नौसेना कमान के तहत काम कर रहा है, जनवरी 2025 से पश्चिमी हिंद महासागर में तैनात है। यह जहाज बहरीन स्थित संयुक्त समुद्री बलों (सीएमएफ) के तहत संयुक्त टास्क फोर्स (सीटीएफ) 150 का हिस्सा है। 31 मार्च को गश्त के दौरान भारतीय नौसेना के पी8आई टोही विमान ने संदिग्ध जहाजों की गतिविधियों की सूचना दी। इन जहाजों पर मादक पदार्थों की तस्करी सहित अवैध गतिविधियों का शक था।
सूचना मिलते ही आईएनएस तरकश ने तुरंत अपना रास्ता बदला और संदिग्ध जहाजों का पीछा शुरू किया। ऑपरेशन को मुंबई के समुद्री संचालन केंद्र और पी8आई विमान के साथ समन्वय में अंजाम दिया गया। जहाज ने अपने हेलीकॉप्टर को भी तैनात किया, जिसने संदिग्ध जहाजों की हर गतिविधि पर नजर रखी और आसपास के इलाके में अन्य संदिग्ध गतिविधियों की पहचान की।
संदिग्ध जहाजों से पूछताछ के बाद, आईएनएस तरकश ने एक संदिग्ध धाऊ (नाव) को रोका। मरीन कमांडो और विशेषज्ञ बोर्डिंग टीम ने नाव पर चढ़कर गहन तलाशी ली। इस दौरान विभिन्न कार्गो होल्ड और डिब्बों में छिपाए गए 2500 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ बरामद हुए। इसमें 2386 किलोग्राम हशीश और 121 किलोग्राम हेरोइन शामिल थी। नाव को आईएनएस तरकश के नियंत्रण में ले लिया गया और क्षेत्र में अन्य संदिग्ध जहाजों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
ये भी देखे: बुलढाणा में भीषण सड़क हादसा: बस और एसयूवी की टक्कर में 5 की मौत