मनाली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 258.750 ग्राम चिट्टा, पिस्तौल और कारतूस के साथ 4 युवक गिरफ्तार

by Manu
मनाली चिट्टा

कुल्लू, 04 सितंबर 2025: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में मनाली पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मनाली पुलिस थाना की टीम ने वोल्वो बस स्टैंड के पास एक संदिग्ध गाड़ी से 258.750 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), एक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की है। इस कार्रवाई में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद चिट्टे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, मनाली पुलिस को सूचना मिली थी कि वोल्वो बस स्टैंड क्षेत्र में एक गाड़ी (पंजाब रजिस्ट्रेशन नंबर PB-18U-8718) में कुछ लोग नशीले पदार्थ और अवैध हथियार के साथ मौजूद हैं। इस सूचना पर तुरंत एक्शन लेते हुए हेड कांस्टेबल जगदीश के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें सवार चार युवकों के पास से भारी मात्रा में चिट्टा, एक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद हुई। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी देखे: Kullu News: पुलिस ने हेरोइन के साथ युवक व युवती को किया गिरफ्तार

You may also like