भाजपा को तेलंगाना में बड़ा झटका, टी राजा सिंह ने बीजेपी से दिया इस्तीफा

by Manu
टी राजा सिंह

नई दिल्ली, 30 जून 2025: तेलंगाना की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। गोशामहल से बीजेपी विधायक टी राजा सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इसकी जानकारी साझा की। अपने तीखे और विवादास्पद बयानों के लिए मशहूर टी राजा सिंह को तेलंगाना में फायरब्रांड नेता के तौर पर जाना जाता है।

उनका यह इस्तीफा तेलंगाना बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर एन. रामचंदर राव के नाम की घोषणा के बाद आया है। राजा सिंह ने इस फैसले पर नाराजगी जताई और कहा कि यह निर्णय उनके लिए और लाखों कार्यकर्ताओं, नेताओं व मतदाताओं के लिए “झटका और निराशा” लेकर आया है, जो पार्टी के साथ हर उतार-चढ़ाव में खड़े रहे।

‘X’ पर अपनी पोस्ट में टी राजा सिंह ने लिखा, “कई लोगों की चुप्पी को सहमति नहीं मानना चाहिए। मैं सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि उन अनगिनत कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के लिए बोल रहा हूं, जो हमारे साथ आस्था के साथ खड़े थे और आज निराश हैं। जय श्री राम।”

उन्होंने अपने इस्तीफे के पत्र में तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी को संबोधित करते हुए कहा कि रामचंदर राव की नियुक्ति का फैसला पार्टी के हितों के बजाय निजी हितों को प्राथमिकता देने का परिणाम है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग पर्दे के पीछे से पार्टी को चला रहे हैं।

ये भी देखे: गुजरात उपचुनाव में जीत की खुशी के बीच AAP को झटका, विधायक उमेश मकवाना ने दिया इस्तीफा

You may also like