चंडीगढ़, 15 अगस्त 2025: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नशे के खिलाफ चल रही लड़ाई को और मजबूत करने के लिए कई अहम घोषणाएँ कीं, जिनका मकसद पंजाब पुलिस का हौसला बढ़ाना और नशा तस्करी पर लगाम लगाना है।
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि नशा विरोधी अभियानों में बेहतरीन काम करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए एक नई “इनाम नीति” शुरू की जाएगी। इसके तहत, अगर कोई पुलिस अधिकारी एक किलोग्राम या उससे ज्यादा हेरोइन जब्त करता है, तो उसे 1.20 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। इस कदम से नशा तस्करों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई को बढ़ावा मिलेगा।
साथ ही, नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेज (एनडीपीएस) मामलों को जल्द निपटाने के लिए अब हेड कांस्टेबलों को जांच की जिम्मेदारी दी जाएगी। इससे मामलों का तेजी से समाधान होगा और पुलिस की कार्यकुशलता बढ़ेगी।
पुलिस बल को और मजबूत करने के लिए सीएम मान ने बताया कि अगले हफ्ते से 1,600 कर्मियों को प्रमोशन दिया जाएगा और 1,600 नए पदों पर भर्ती शुरू की जाएगी। इनाम नीति, पदोन्नति और नई भर्तियों के जरिए पंजाब पुलिस को और ताकत मिलेगी, जिससे नशे के खिलाफ अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद है।
ये भी देखे: पंजाब में 79वां स्वतंत्रता दिवस, CM भगवंत मान फरीदकोट में फहराएंगे तिरंगा