ढाका, 19 अप्रैल : बांग्लादेश पुलिस ने कहा है कि ढाका में सऊदी अरब के पूर्व राजदूत को अपने जाल में फंसाकर 50 लाख अमेरिकी डॉलर ठगने की कोशिश के आरोप में एक पूर्व ब्यूटी क्वीन को हिरासत में लिया गया है। बता दें कि बांग्लादेश पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि ढाका में सऊदी अरब के पूर्व राजदूत को मोहपाश में फंसाकर 50 लाख अमेरिकी डॉलर ठगने की कोशिश के आरोप में एक पूर्व ब्यूटी क्वीन को हिरासत में लिया गया है। वहीं पूर्व ब्यूटी क्वीन ने आरोप को खारिज करते हुए दावा किया कि राजनयिक उससे शादी करना चाहता था। पुलिस ने ढाका की एक अदालत में दायर याचिका में कहा, ‘‘मेघना आलम, उनके करीबी सहयोगी दीवान समीर और दो-तीन अन्य लोग विदेशी राजदूतों को खूबसूरत लड़कियों के साथ प्रेम जाल में फंसाने में संलिप्त थे।
अदालत ने जेल भेजने का आदेश दिया
पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद तालेबुर रहमान ने बताया कि अदालत ने याचिका मंजूर करते हुए उसे जेल भेजने का आदेश दिया है। उस पर ब्लैकमेल के ज़रिए जबरन वसूली के प्रयास का आरोप लगाया गया है। बंगाली भाषा के समाचार पत्र ‘प्रथम आलो’ और अन्य मीडिया संस्थानों ने अपनी खबर में कहा कि आलम ने अदालत को बताया कि राजनयिक ने उससे संपर्क किया था और विवाह का प्रस्ताव दिया था।