अबुजा, 15 अप्रैल : नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने सोमवार को कहा कि देश के उत्तर-मध्य भाग में एक ईसाई कृषक समुदाय पर मुस्लिम कट्टकपंथी बंदूकधारियों द्वारा किए गए हमले में कम से कम 40 लोग मारे गए। जानकारी के अनुसार नाइजीरिया के उत्तर-मध्य क्षेत्र में एक खौफनाक घटना में बंदूकधारियों ने एक ईसाई कृषक समुदाय पर हमला कर दिया, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। यह जानकारी नाइजीरियाई राष्ट्रपति बोला टीनुबू ने सोमवार को दी। राष्ट्रपति टीनुबू ने रविवार देर रात जिके समुदाय पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। एक आधिकारिक बयान में उन्होंने कहा, मैंने सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया है कि इस हिंसक हमले के पीछे शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाए।
एजेंसियां गहन जांच करें : राष्ट्रपति
टीनुबू ने सोमवार देर रात एक बयान में कहा, ‘‘मैंने सुरक्षा एजेंसियों को इस मामले की गहन जांच करने और इस हिंसक कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने का निर्देश दिया है।” मानवाधिकार संगठन ‘एमनेस्टी इंटरनेशनल के अनुसार, बंदूकधारियों ने अचानक हमला किया जिससे लोग बचकर नहीं भाग पाए। मृतकों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं।