नई दिल्ली, 14 जुलाई 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 14 जुलाई 2025 को हरियाणा, गोवा और लद्दाख के लिए नए राज्यपालों और उपराज्यपाल की नियुक्ति की है। यह जानकारी राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक बयान से सामने आई है। प्रो. आशिम कुमार घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे एक वरिष्ठ शिक्षाविद् हैं और उच्च शिक्षा में उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव का लाभ अब हरियाणा को मिलेगा। वे बंडारू दत्तात्रेय की जगह लेंगे।
कौन है गोवा के नए राज्यपाल गजपति राजू ?
तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। आंध्र प्रदेश के विजियनगरम के शाही परिवार से ताल्लुक रखने वाले राजू ने अपने दशकों लंबे राजनीतिक करियर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे पी.एस. श्रीधरन पिल्लई की जगह लेंगे।
कविंदर गुप्ता बने लद्दाख के नए उपराज्यपाल
जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ बीजेपी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता को लद्दाख का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। उन्होंने 2018 में पीडीपी-बीजेपी गठबंधन सरकार में जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया था। उनकी नियुक्ति लद्दाख में राज्य का दर्जा और अन्य संवैधानिक मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच हुई है।
राष्ट्रपति ने लद्दाख के उपराज्यपाल ब्रिगेडियर (डॉ.) बी.डी. मिश्रा (सेवानिवृत्त) का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया है, जो 19 फरवरी 2023 से इस पद पर कार्यरत थे। मिश्रा इससे पहले अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल रह चुके हैं और भारतीय सेना में 33 साल से अधिक समय तक सेवा दे चुके हैं।
ये भी देखे: हरियाणा राजभवन में मनाया गया ओडिशा दिवस, राज्यपाल ने कही ये बात!