दोहा, 21 नवंबर 2025: दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को ACC मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश ए ने भारत ए को सुपर ओवर में हराकर फाइनल में जगह बना ली। मैच 20 ओवर में टाई हो गया था। दोनों टीमों ने 194-194 रन बनाए। लेकिन सुपर ओवर में बांग्लादेश ए के तेज गेंदबाज रिपन मंडोल ने भारत को 0 पर ऑलआउट कर दिया। बांग्लादेश ने एक रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वाइड बॉल पर ही जीत हासिल कर ली। रिपन मंडोल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। बांग्लादेश ए अब दूसरे सेमीफाइनल के विजेता (पाकिस्तान ए या श्रीलंका ए) से फाइनल में भिड़ेगा।
बांग्लादेश ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 194 रन बनाए। हबीबुर रहमान सोहन ने 65 रन (46 गेंद, 3 चौके, 5 छक्के) की आक्रामक पारी खेली। जिशान आलम ने 34 रन जोड़े। भारत की ओर से गुरजपनीत सिंह ने 2 विकेट लिए। हर्ष दुबे, सुयश शर्मा, रमनदीप सिंह और नमन धीर को एक-एक सफलता मिली।
आखिरी ओवर में क्या हुआ?
भारत ए को 195 रनों का लक्ष्य मिला। चेज में वैभव सूर्यवंशी ने 15 गेंदों पर 38 रनों की तूफानी शुरुआत दी। लेकिन मिडिल ऑर्डर लड़खड़ा गया। कप्तान जितेश शर्मा ने 23 गेंदों पर 33 रनों की जुझारू पारी खेली। आखिरी ओवर में 16 रनों की जरूरत थी। आशुतोष शर्मा ने तीसरी गेंद पर सिक्स लगाया। चौथी गेंद पर कैच छूटा और चार मिले। लेकिन पांचवीं गेंद पर आशुतोष आउट हो गए। आखिरी गेंद पर हर्ष दुबे और नेहाल वाधेरा ने रनिंग के दम पर तीन रन ले लिए। मैच टाई हो गया।
सुपर ओवर का हाल
सुपर ओवर में भारत के लिए जितेश शर्मा और रमनदीप सिंह बल्लेबाजी करने आए। लेकिन रिपन मंडोल ने पहली गेंद पर जितेश को बोल्ड कर दिया। दूसरी गेंद पर आशुतोष शर्मा कैच आउट हो गए। बांग्लादेश को 1 रन का लक्ष्य मिला। सुयश शर्मा ने पहली गेंद पर यासिर अली को लॉन्ग-ऑन पर कैच आउट कर लिया। दूसरी गेंद वाइड हो गई। इसके साथ ही बांग्लादेश ने मैच जीत लिया।
ये भी देखे: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025: भारत ने ओमान को 6 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा