एशिया कप 2025: भारत-पाकिस्तान मुकाबले को सरकार ने दी मंजूरी, लेकिन द्विपक्षीय खेलों पर रोक बरकरार

by Manu
IND VS PAK

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम को अगले महीने यूएई में होने वाले एशिया कप 2025 में हिस्सा लेने की सरकार ने हरी झंडी दे दी है। इस टूर्नामेंट में भारत का बहुप्रतीक्षित मुकाबला 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होगा, जिसे लेकर काफी चर्चा और विवाद हो रहा है। खेल मंत्रालय के सूत्रों ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय खेल मुकाबले नहीं होंगे, लेकिन एशिया कप जैसे बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारतीय टीम की भागीदारी पर कोई रोक नहीं होगी।

खेल मंत्रालय ने जारी की नई नीति

खेल मंत्रालय ने इस संबंध में एक नई नीति जारी की है, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इस नीति में कहा गया है कि भारत का पाकिस्तान से जुड़े खेल आयोजनों के प्रति रवैया उसकी समग्र कूटनीतिक नीति को दर्शाता है। नीति के अनुसार, “भारतीय टीमें पाकिस्तान में द्विपक्षीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं लेंगी, और न ही पाकिस्तानी टीमों को भारत में ऐसे आयोजनों के लिए अनुमति दी जाएगी।” हालांकि, बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंट जैसे एशिया कप, वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे आयोजनों में भारत की भागीदारी जारी रहेगी, क्योंकि यह ओलंपिक चार्टर और अंतरराष्ट्रीय खेल निकायों के नियमों के अनुरूप है।

सूत्रों ने स्पष्ट किया, “हम भारतीय क्रिकेट टीम को एशिया कप में खेलने से नहीं रोकेंगे, क्योंकि यह एक बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंट है। लेकिन पाकिस्तान को भारत में द्विपक्षीय मुकाबलों के लिए अनुमति नहीं दी जाएगी।”

ये भी देखे: संसद ने पारित किया ऑनलाइन गेमिंग विधेयक 2025, ई-स्पोर्ट्स को बढ़ावा, मनी गेम्स पर प्रतिबंध

You may also like