दिल्ली, 21 मार्च 2025: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार मे इस सप्ताह की शुरुआत में डकैती हुई थी जिसमे दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने बताया कि आरोपियों सूरज और सचिन ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक विवाहिक जोड़े को लूटने की योजना बनाई थी। जोड़े में एक रिटायर्ड प्रोफेसर और उनकी पत्नी थी। इस योजना में उनके घर मे काम करने वाले नौकर की मदद ली गई थी जो आरोपियों में से एक का चचेरा भाई है।
कैसे दिया घटना को अंजाम?
सोमवार को चारों आरोपियों ने पहले परी चौक से अशोक विहार के लिए कैब बुक की और फिर ऑटोरिक्शा लेकर जोड़े के घर पहुंचे और वहां उन्होंने बंदूक की नोक पर जोड़े को रख दिया और उनको मारा-पीटा और लाखों की नकदी, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान लूटकर ले गए थे । वे प्रोफेसर की कार से भागे जो बाद में वजीराबाद इलाके में लावारिस हालत में मिली है।
घरेलू सहायक ने अपने चचेरे भाई को घर में कीमती सामान की जानकारी दी थी। पूछताछ में उसने अपनी मिलीभगत स्वीकार कर ली है और पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को देखकर आरोपियों का पता लगाने के लिए उनकी तस्वीरें फैलाईं।
पुलिस ने गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक मॉल के पास से सूरज को पकड़ा और सूरज की जानकारी पर सचिन को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास है और सूरज पर पहले 17 और सचिन पर 14 मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद दोनों के पास से लूट का समान बरामद किया गया है। जिसमें सोने की चेन, सोने का सिक्का, 37 चांदी के सिक्के, धार्मिक चांदी के सिक्के, चांदी के बर्तन, और 8,200 रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस अभी भी उनके दो साथियों की तलाश कर रही है।
यह भी देखे:जानिए समय रैना के शो के बाद अपूर्वा मुखीजा का नाम फिर चर्चा में क्यों आया