आंगनबाड़ी केंद्र अब बनेंगे “डिजिटल सेवा केंद्र”, CM योगी ने कार्यकर्ताओं को दिए स्मार्टफोन

by Manu
सीएम योगी

लखनऊ, 30 मार्च 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोक भवन सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन तथा नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए बड़ा ऐलान किया। सीएम योगी ने कहा कि अब आंगनबाड़ी केंद्रों को “डिजिटल सेवा केंद्र” के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन देते हुए कहा कि इनका मानदेय भी अब “स्मार्ट” होना चाहिए। इसे जल्द ही सम्मानजनक स्तर पर लिया जाएगा और पूरी व्यवस्था को तकनीक से जोड़कर पारदर्शी बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि “सम्मानजनक” का मतलब है न्यूनतम मानदेय की गारंटी। उन्होंने बताया कि अप्रैल से आउटसोर्स कर्मियों के लिए नई व्यवस्था लागू की जा रही है, जिसमें न्यूनतम वेतन की गारंटी होगी और बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी।

सीएम योगी ने कहा कि स्मार्टफोन दिए जाने से अब रियल टाइम डाटा अपलोड होगा, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश की रैंकिंग और बेहतर होगी। उन्होंने बताया कि 46 जिलों में 754 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। बड़ी संख्या में अन्य चयन प्रक्रियाएं भी जारी हैं।

इस वर्ष पूरे प्रदेश में पांच हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 60 हजार से अधिक सहायिकाओं की नियुक्ति का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी केंद्रों के नए भवनों की डिजाइन का भी विमोचन किया।

ये भी देखे: नवरात्रि कार्यक्रम में CM योगी बोले – ₹50,000 करोड़ निवेश और 50 हजार युवाओं को रोजगार का रास्ता खुला

You may also like