अखिलेश यादव का BJP पर तीखा हमला: ‘वोटों की डकैती और भ्रष्टाचार चरम पर, जनता सत्ता से हटाएगी’

by Manu
अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर सत्ता का दुरुपयोग कर वोटों की चोरी करने का गंभीर आरोप लगाया। लखनऊ में सपा के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि BJP गरीबों के वोट कटवा रही है।

उन्होंने बताया कि सपा ने 18 हजार मतदाताओं की सूची शपथ पत्र के साथ निर्वाचन आयोग को सौंपी थी, लेकिन आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। अखिलेश ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग ने दावा किया कि उन्हें कोई हलफनामा नहीं मिला, जबकि सपा के पास हर हलफनामे की रसीद मौजूद है।

यादव ने उत्तर प्रदेश की BJP सरकार पर भ्रष्टाचार और लूट का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और किसानों को खाद तक नहीं मिल रही। “खाद का बड़ा घोटाला चल रहा है। महिलाओं को भी खाद के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है। BJP सरकार खाद देने में नाकाम रही है और किसानों पर लाठियां बरसा रही है,” उन्होंने तंज कसते हुए कहा।

अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर BJP की कथित नाकामियों को उजागर करें और 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर काम करें।

ये भी देखे: अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र में हिन्दी भाषा मामले में मारपीट की निंदा की, कहा- अपमान बर्दाश्त नहीं

You may also like