Ahmedabad Plane Crash: देखें कैसे 10 मिनट की देरी ने बचाई भूमि चौहान की जान

by Manu
भूमि चौहान

अहमदाबाद, 13 जून 2025: अहमदाबाद हवाई अड्डे पर 10 मिनट की देरी गुजरात के भरूच की रहने वाली भूमि चौहान के लिए जीवन रक्षक साबित हुई। वह गुरुवार को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 से लंदन जाने वाली थीं, लेकिन ट्रैफिक जाम के कारण समय पर चेक-इन गेट तक नहीं पहुंच सकीं। इस वजह से उन्हें बोर्डिंग की अनुमति नहीं मिली। यह वही फ्लाइट थी, जो टेकऑफ के कुछ ही पलों बाद अहमदाबाद के मेघानी नगर इलाके में क्रैश हो गई, जिसमें 242 यात्रियों और क्रू मेंबर्स में से 241 लोगों की मौत हो गई।

अहमदाबाद में भारी ट्रैफिक बनी मददगार

भूमि चौहान ने अपने इस अनुभव को साझा करते हुए बताया कि अहमदाबाद में भारी ट्रैफिक के कारण वह चेक-इन काउंटर पर सिर्फ 10 मिनट देर से पहुंची थीं। एयरपोर्ट कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि उनकी वजह से फ्लाइट में और देरी हो सकती है, इसलिए उन्हें विमान में चढ़ने की इजाजत नहीं दी गई। निराश होकर वह एयरपोर्ट से बाहर निकल आईं। तभी उन्हें खबर मिली कि जिस फ्लाइट में वह जाने वाली थीं, वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह सुनकर भूमि स्तब्ध रह गईं। उन्होंने कहा, “मैं अपनी देवी मां का तहेदिल से शुक्रिया अदा करती हूं कि मैं सुरक्षित हूं। यह हादसा दिल दहलाने वाला है।”

भूमि चौहान छुट्टियां मनाने आई थीं भारत

लंदन में रहने वाली भूमि चौहान दो साल बाद छुट्टियां मनाने भारत आई थीं। वह उस दिन अपने घर लौटने वाली थीं। हादसे की खबर सुनकर वह सदमे में चली गई थीं। उन्होंने कहा, “मेरा दिमाग सुन्न हो गया था। मैं कुछ बोल नहीं पा रही थी। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि इस स्थिति को कैसे बयां करूं।” भूमि ने इसे ईश्वर की कृपा बताया और कहा कि ट्रैफिक जाम जैसी छोटी सी परेशानी ने उनकी जान बचा ली। उन्होंने कहा, “मैं भगवान की आभारी हूं कि उन्होंने मुझे इस भयानक हादसे से बचा लिया।”

ये भी देखे: Ahmedabad Plane Crash: अहमदबाद में प्लेन क्रैश, विमान में पूर्व CM विजय रुपाणी भी थे सवार

You may also like