नई दिल्ली, 22 जून 2025: अहमदाबाद में 12 जून को दर्दनाक विमान क्रैश हादसा हुआ था जिसमें कई लोगों ने अपनी जान गवा दी थी। गुजरात पुलिस ने एअर इंडिया के उस विमान के मलबे को हवाई अड्डे परिसर में ले जाना शुरू कर दिया है। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन जाने वाला विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद मेघाणी नगर में छात्रावास परिसर में गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया था। इस दर्दनाक हादसे करीब 270 लोगों की जान चली गई थी।
एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान के मलबे को गुजरात राज्य विमानन अवसंरचना कंपनी लिमिटेड की इमारत में ले जाया जा रहा है जो हवाई अड्डे के परिसर में है और इस मलबे को विमान दुर्घटना जाँच ब्यूरो की निगरानी में रखा जाएगा।
संयुक्त पुलिस आयुक्त, सेक्टर-दो, जयपालसिंह राठौर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमने यहां दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान के मलबे को आज से जीयूजेएसएआईएल की इमारत में ले जाना शुरू कर दिया है।” उन्होंने कहा, ‘‘पूरे मलबे को स्थानांतरित करने में 48 से 72 घंटे लगेंगे।”
अधिकारी ने कहा, ‘‘मलबा एएआईबी के कब्जे में रहेगा जो विमान दुर्घटना की जांच कर रहा है।” एएआईबी के अलावा, अमेरिकी राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड विमान दुर्घटना की अंतरराष्ट्रीय जाँच का नेतृत्व कर रहा है।
अधिकारियों के अनुसार हादसे में मारे गए लोगों में से करीब 247 लोगों की पहचान अब तक डीएनए नमूने के मिलान के माध्यम से की गई है और 232 शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
यह भी पढ़े: पंजाब के इन जिलों में अलर्ट ! अगले तीन घंटो में मौसम लेगा कड़ा रूख