कानपुर, 11 सितंबर 2025: गुरुवार को कर्नलगंज थाना क्षेत्र के कटरा में लक्ष्मीटाकीज चौराहा और नेतराम चौराहा के बीच स्थित राधाकृष्ण मंदिर की जर्जर दीवार ढहने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में 65 वर्षीय श्रद्धालु संजय कुमार की मौत हो गई, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, नवाबगंज के अटरामपुर निवासी संजय कुमार गुरुवार दोपहर मंदिर में पुजारी से मिलने आए थे। इसी दौरान मंदिर की पुरानी और जर्जर दीवार के साथ टिनशेड अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में संजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत मदद में जुट गए।
पार्षद आनंद अग्रवाल और अन्य लोगों ने घायल संजय को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महज एक सप्ताह पहले महापौर ने इस मंदिर का दौरा किया था और इसकी जीर्णोद्वार की बात कही थी।
कर्नलगंज थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि मंदिर की दीवार ढहने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी देखे: हुमायूं के मकबरे में हादसा, मस्जिद के रेस्ट रूम की दीवार ढही, कई लोग फंसे