फतेहाबाद में ACB की बड़ी कार्रवाई, 3 हजार की रिश्वत लेते ट्रेजरी क्लर्क रंगे हाथ गिरफ्तार

by Manu
acb haryana

फतेहाबाद, 11 मार्च 2026: भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने ट्रेजरी विभाग के एक क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी क्लर्क पर दवाइयों के बिल पास करने के बदले 3 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। ACB ने बुधवार को लघु सचिवालय परिसर में ट्रैप लगाकर क्लर्क को 3 हजार रुपये लेते हुए काबू किया।

जानकारी के अनुसार जवाहर चौक स्थित पशु अस्पताल में कार्यरत वीएलडीए (वेटरनरी लाइवस्टॉक डेवलपमेंट असिस्टेंट) सुनील बिश्नोई ने करीब 49 हजार रुपये की दवाइयां खरीदी थीं। नियमानुसार इन दवाइयों के बिल ट्रेजरी विभाग में पास होने के लिए भेजे गए थे। आरोप है कि ट्रेजरी में तैनात क्लर्क हीरालाल ने बिल पास करने की बजाय उन्हें लगातार अटकाया और परेशान किया।

जब सुनील बिश्नोई ने क्लर्क हीरालाल से बात की तो उसने बिल पास करने के बदले 3 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर दी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर सुनील बिश्नोई ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दी।

शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले की गहन जांच की और ट्रैप लगाने की योजना बनाई। बुधवार को शिकायतकर्ता को निर्धारित रकम देकर क्लर्क के पास भेजा गया। जैसे ही क्लर्क ने रिश्वत की राशि ली ACB की टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। क्लर्क के पास से रिश्वत की रकम बरामद हुई और उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।

ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

ये भी देखे: चरखी दादरी लघु सचिवालय में रजिस्ट्री क्लर्क रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB ने पकड़ा

You may also like