सिरसा, 13 सितंबर 2025: हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में चर्चित लखुआना और रामपुरा किनोइया गांवों में मनरेगा योजना में हुए बड़े घोटाले में अब सख्त कार्रवाई हुई है। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (DRDA) के सीईओ ने दोषी पाए गए सहायक खंड कार्यक्रम अधिकारी (ABPO) नीरु रानी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। यह फैसला उपायुक्त (DC) की जांच रिपोर्ट के आधार पर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, उपायुक्त ने 2 मई को अपनी विस्तृत रिपोर्ट ग्रामीण विकास विभाग, चंडीगढ़ को भेजी थी। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि कई कर्मचारियों की फर्जी हाजिरी दर्ज की गई थी। इतना ही नहीं, 160 किलोमीटर दूर रहने वाले लोगों के जॉब कार्ड बनाकर बिना कोई काम करवाए उन्हें भुगतान कर दिया गया। विभाग ने 13 अगस्त को इस रिपोर्ट को सीईओ के पास भेजा और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बर्खास्तगी के बाद विभाग ने मामले की आगे की निगरानी और जांच को तेज कर दिया है, ताकि अन्य दोषियों पर भी शिकंजा कसा जा सके।
ये भी देखे: सिरसा साइबर पुलिस को बड़ी कामयाबी, इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर ठगी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार