अमृतसर, 18 फ़रवरी 2026: अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर आज सुबह एक भयानक सड़क दुर्घटना में दो कार सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे।
घटना के समय क्षेत्र के आम आदमी पार्टी विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल भी वहां से गुजर रहे थे। जैसे ही उन्होंने हादसा देखा तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और बिना समय गंवाए दोनों घायल युवकों को अपनी जीप में बैठाकर फतेहगढ़ चूड़ियां के अस्पताल पहुंचाया। उनकी तत्परता के कारण घायलों को समय पर इलाज मिल सका।
दुखद बात यह रही कि अस्पताल पहुंचने के बाद एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि दूसरे युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने इस घटना की जानकारी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा- “आज सुबह रास्ते में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हुई जिसमें दो लोग बुरी तरह जख्मी थे। मैंने तुरंत मदद करते हुए दोनों को अस्पताल पहुंचाया।”
उन्होंने युवक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा- “वाहेगुरु परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करें।”
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
ये भी देखे: बटाला में हेरोइन लेते पकड़े गए कांग्रेसी नेता ने पार्टी का असली चेहरा किया बेनकाब: कुलदीप सिंह धालीवाल