फतेहाबाद, 28 फरवरी 2026: फतेहाबाद जिले के गांव खाबड़ा कलां के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। आदमपुर क्षेत्र के गांव चूली बागड़ियान से फुटबॉल खिलाड़ियों से भरी टाटा मैजिक गाड़ी पलट गई। हादसे में एक खिलाड़ी को फ्रैक्चर आया जबकि बाकी को मामूली चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार खिलाड़ी हिसार जिले के गांव चूली बागड़ियान की फुटबॉल एकेडमी से थे। वे गांव हरिपुरा में चल रहे टूर्नामेंट में खेलने के लिए जा रहे थे। सभी खिलाड़ी टाटा मैजिक में सवार होकर रवाना हुए थे। जैसे ही गाड़ी खाबड़ा कलां के पास पहुंची अचानक टायर पंक्चर हो गया। इससे ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क किनारे खेत में पलट गई।
मौके पर आसपास के ग्रामीण तुरंत पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों को गाड़ी से बाहर निकालकर भट्टू सीएचसी पहुंचाया। वहां से चार खिलाड़ियों की हालत गंभीर होने पर फतेहाबाद सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाकी खिलाड़ियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। एक खिलाड़ी को फ्रैक्चर हुआ है जिसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
ये भी देखे: फतेहाबाद: चांदपुरा गांव में ट्रैक्टर की टक्कर से 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, ड्राइवर फरार