ठाकुरद्वारा, 06 दिसंबर 2025: मिलवां-ठाकुरद्वारा सड़क पर चल रहे निर्माण कार्य के बीच भारी वाहनों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन खनन सामग्री से लदे टिप्पर पलट रहे हैं और स्थानीय लोगों की जान-माल को खतरा बना हुआ है।
ताजा हादसा बीती रात करीब साढ़े तीन बजे बसंतपुर गांव में हुआ। पंजाब की ओर जा रहा एक ओवरलोड टिप्पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने घर पर जा गिरा। टिप्पर पहले खेत में लगे मोटर रूम और शौचालय को रौंदता हुआ घर की चारदीवारी पर पलट गया।
घर मालिक ने बताया कि रात में जोरदार धमाका हुआ। बाहर निकले तो पूरा नजारा देखकर रोंगटे खड़े हो गए। गनीमत रही कि टिप्पर कुछ मीटर और आगे नहीं बढ़ा वरना परिवार सोते हुए कमरों में दब जाता। हादसे में घर को लाखों रुपए का नुकसान हुआ। बिजली का मेन पोल भी टूट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक को नींद का झोंका आया और वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। चालक को मामूली चोटें आईं और वह सुरक्षित है। हादसे के बाद चालक और क्लीनर मौके से भाग निकले।
ये भी देखे: फिल्लौर में दिल दहला देने वाला हादसा, टिप्पर ने कार को कई मीटर तक घसीटा