चरखी दादरी लघु सचिवालय में रजिस्ट्री क्लर्क रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB ने पकड़ा

by Manu
acb haryana

चरखी दादरी, 10 मार्च 2026: रोहतक एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने चरखी दादरी लघु सचिवालय में तैनात रजिस्ट्री क्लर्क अनिल शर्मा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी क्लर्क जमीन की रजिस्ट्री में लगी आपत्ति हटाने के बदले रिश्वत मांग रहा था।

शिकायतकर्ता प्रीतम कुमार ने बताया कि वह गांव छपार में स्थित 378 वर्ग गज के प्लॉट की रजिस्ट्री करवाना चाहता था। इस दौरान क्लर्क अनिल शर्मा ने उससे 7 हजार रुपये रिश्वत की मांग की और बार-बार परेशान करने लगा। जब प्रीतम कुमार ने रिश्वत देने से इनकार किया तो क्लर्क ने रजिस्ट्री में जानबूझकर अड़चनें डालनी शुरू कर दीं।

प्रीतम कुमार ने सोमवार को रोहतक ACB से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही ACB रोहतक की टीम ने इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में ट्रैप लगाने की योजना बनाई। टीम ने शिकायतकर्ता को कैमिकल लगे 5 हजार रुपये दिए और क्लर्क को देने के लिए भेजा।

सोमवार दोपहर करीब 1 बजे जैसे ही प्रीतम कुमार ने क्लर्क अनिल शर्मा को 5 हजार रुपये दिए वैसे ही पहले से तैयार ACB टीम ने दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। क्लर्क के पास से रिश्वत की रकम बरामद हुई और उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।

ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

ये भी देखे: सोनीपत में ACB की बड़ी कार्रवाई, इंतकाल के काम के बदले 5 हजार रुपये रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

You may also like