जालंधर कैंट स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, पार्किंग में खड़े वाहनों पर गिरी क्रेन

by Manu
जालंधर कैंट स्टेशन

जालंधर, 21 जून 2025: जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर सुबह 11:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक मोबाइल क्रेन पार्किंग में गिर गई। क्रेन पावर क्रेन के हिस्सों को टुकड़ों में अलग कर नीचे उतार रही थी, लेकिन अचानक उसमें झटके की समस्या आ गई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। ज्यादा वजन एक तरफ होने की वजह से क्रेन जहां खड़ी थी, वहां की मिट्टी भी धंस गई।

इसके चलते क्रेन नीचे पार्किंग में खड़े यात्रियों और रेल कर्मचारियों के वाहनों पर जा गिरी। हादसे में एक कार सहित करीब 10 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन सौभाग्य से किसी की जान नहीं गई। इस दौरान यात्रियों के लिए कंटेनर में बने शौचालय भी टूट गए। गनीमत रही कि न तो कोई यात्री शौचालय में था और न ही पार्किंग में कोई मौजूद था। हालांकि, जोरदार धमाके की आवाज से लोग डर गए और आसपास के दफ्तरों से बाहर निकल आए।

हादसे के बाद निर्माण कंपनी के अधिकारी और रेलवे के अफसर मौके पर पहुंचे। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने आए। जीआरपी प्रभारी अशोक कुमार ने कहा कि यह सुरक्षा के लिहाज से बड़ी लापरवाही है, जिसके गंभीर परिणाम हो सकते थे। उन्होंने कहा कि भले ही जान का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यात्रियों के वाहनों को नुकसान पहुंचा है, जिसके लिए कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ये भी देखे: जालंधर में निगम कर्मचारियों का हड़ताल, पक्की नियुक्ति न मिलने पर रोष

You may also like