जालंधर, 16 मार्च : जालंधर में एक यूटयूबर के घर पर किसी अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ग्रेनेड जैसी वस्तु फेंकने का समाचार सामने आया है लेकिन गनिमत यह रही कि किसी भी तरह का विस्फोट नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार जालंधर के मकसूदां में रविवार को यूट्यूबर रोजर संधू के आवास पर ग्रेनेड जैसी वस्तु फेंकी गई। गनीमत रही कि कोई विस्फोट नहीं हुआ। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि ग्रेनेड जैसी दिखने वाली धातु की एक गोल वस्तु मिली है, लेकिन तत्काल इसकी पुष्टि नहीं कर सकते कि यह ग्रेनेड है या नहीं। बम निरोधक दस्ते ने उसे कब्जे में ले लिया है और जांच की जा रही है। इस बीच, घटना की जिम्मेदारी पाकिस्तान के एक गैंगस्टर ने ली। यह घटनाक्रम अमृतसर में एक मंदिर के बाहर हुए विस्फोट के एक दिन बाद हुआ है। इस संबंधी जानकारी देते एसएसपी जालंधर देहात गुरमीत सिंह ने बताया कि एक यूट्यूबर डॉक्टर संधू के घर में हमले का प्रयास किया गया है। उन्हें वहां पर एक संदिग्ध चीज मिली है, जिसे देखने के बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया था। पुलिस ने संदिग्ध चीज को कब्जे में ले लिया है, जिसकी जांच की जाएगी। एसएसपी ने बताया कि पंजाब सरकार नशे के खिलाफ लगातार कठोर कदम उठा रही है, जिसके चलते बॉर्डर के उस तरफ से नशा बेचने वाले लोग बौखलाए हुए हैं. उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले को हल कर लिया जाएगा।
शहजाद भट्टी ने ली हमले की जिम्मेदारी
वहीं दूसरी ओर किसी शहजाद भट्टी नाम के गेंगस्टर ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। भट्टी ने धमकी देते हुए कहा- अगर आप लोग (पुलिस) चाहते हैं कि ऐसा खून खराबा न हो, तो सभी को गिरफ्तार कर लो, वरना कार्रवाई ऐसे ही जारी रहेगी. मेरे पास इनकी तस्वीरें और नाम सब कुछ है. वो सब कुछ मैं देने को तैयार हूं. और अगर इन पर कोई कार्रवाई नहीं होती तो मैं इतनी तबाही करूंगा कि इन सभी की सात नस्लें याद रखेंगी कि किसी से दुश्मनी मोल ली थी। भट्टी ने कहा कि अभी शायद आपको खबरें न पता चलें, मगर मैं वीडियो दिखाऊंगा इसका। मुझे किसी फेम की जरूरत नहीं है। अगर दोबारा ऐसा कोई मेरे धर्म के बारे में बोलेगा तो फिर मैं ऐसा करूंगा कि कोई रोक नहीं सकता। इसलिए उन्हें समय रहते गिरफ्तार कर लिया जाए. जो भी ऐसा करेगा, उसके साथ ऐसा ही होगा।