अयोध्या की तर्ज पर सीतामढ़ी में बनेगा मां जानकी का भव्य मंदिर, सरकार ने दी मंजूरी

by Manu
जानकी मंदिर

सीतामढ़ी, 01 जुलाई 2025: बिहार के सीतामढ़ी में मां जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम में अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर एक भव्य मंदिर का निर्माण होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को बताया कि उनकी अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दे दी गई है। इसके लिए 882.87 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।

नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा कि पुनौरा धाम को समग्र रूप से विकसित करने के लिए भव्य मंदिर और अन्य संरचनाओं के निर्माण की योजना को कैबिनेट ने हरी झंडी दे दी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मंदिर का शिलान्यास अगस्त 2025 में कर दिया जाए, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।

सीएम ने कहा कि पुनौरा धाम में मां जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण न केवल बिहारवासियों, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। यह परियोजना तीन चरणों में पूरी होगी, जिसमें पुराने मंदिर का उन्नयन, पर्यटन सुविधाओं का विकास और 10 साल तक रखरखाव शामिल है। इसके लिए 137.34 करोड़ रुपये मंदिर उन्नयन, 728 करोड़ रुपये पर्यटकीय ढांचे और 16.62 करोड़ रुपये रखरखाव पर खर्च होंगे।

पुनौरा धाम, जो रामायण सर्किट का हिस्सा है, को अयोध्या की तर्ज पर एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटकीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए 50 एकड़ से अधिक जमीन का अधिग्रहण पहले ही स्वीकृत हो चुका है, जिसके लिए 120 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। यह परियोजना बिहार को धार्मिक पर्यटन के नक्शे पर और मजबूती देगी।

ये भी देखे: राम मंदिर में राम दरबार की पहली तस्वीर आई सामने, प्राण प्रतिष्ठा हुई पूरी

You may also like