लुधियाना, 09 मार्च 2026: लुधियाना के मोती नगर इलाके में पुलिस की पीसीआर टीम पर एक शराबी युवक ने जानलेवा हमला किया। आरोपी ने ASI की वर्दी फाड़ दी और एक कॉन्स्टेबल के गले पर कांच मारकर उसे मारने की कोशिश की। कॉन्स्टेबल ने बचाव किया तो कांच उसके कंधे पर जा लगा। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना 7 मार्च की रात की है। कॉन्स्टेबल बलविंदर सिंह ने बताया कि वे एएसआई सरबजीत सिंह के साथ पीसीआर-21 पर तैनात थे। कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि मोहल्ला बेअंत पुरा में मोहित कुमार और उसके चाचा का लड़का सलीम मसीह उर्फ विक्की आपस में झगड़ रहे हैं।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो सलीम मसीह अपने चाचा तिलक मसीह के साथ उलझा हुआ था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अत्यधिक शराब पी रखी थी। जब टीम ने उसे शांत करने और रोकने की कोशिश की तो सलीम ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
हाथापाई के दौरान आरोपी ने एएसआई सरबजीत सिंह की वर्दी फाड़ दी। इसके बाद उसने पास पड़े कांच से कॉन्स्टेबल बलविंदर सिंह के गले पर वार किया। बलविंदर ने हाथ से बचाव किया जिससे कांच उनके कंधे पर लगा और वे घायल हो गए।
मोती नगर पुलिस ने आरोपी सलीम मसीह उर्फ विक्की के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ये भी देखे: PUNJAB BREAKING: लुधियाना में पुलिस कांस्टेबल की गोली लगने से मौत, उच्च स्तरीय जांच शुरू