कोलकाता, 07 जून 2025: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज के भाटुपाड़ा में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 52 वर्षीय व्यक्ति गुलाब शेख ने 10वीं कक्षा की एक छात्रा की गला दबाकर और चाकू से रेतकर हत्या कर दी। छात्रा उससे शादी का दबाव बना रही थी।
पुलिस ने गुरुवार देर रात गुलाब शेख को जंगीपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने पर उसे 10 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पूछताछ में गुलाब ने बताया कि वह केरल में प्रवासी मजदूर के रूप में काम करता था। वहां उसकी फोन पर छात्रा से बातचीत शुरू हुई थी, जो ढाई साल तक चली। पिछले हफ्ते वह अपने गांव रानीनगर लौटा था।
गांव लौटने पर जब वह छात्रा से मिला, तो उसने शादी की जिद पकड़ ली। गुलाब, जो पहले से शादीशुदा है और जिसके विवाहित बेटा-बेटी भी हैं, ने शादी से इनकार कर दिया। छात्रा ने घर लौटने से मना कर दिया, जिसके बाद गुलाब ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और पक्का करने के लिए चाकू से गला रेत दिया। इसके बाद वह फरार हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इस क्रूर हत्या से स्तब्ध हैं।
ये भी देखे: कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत