फडणवीस, राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे एक मंच पर, फडणवीस बोले- बाकी सब लेफ्ट में चले गए, इसलिए मैं राइट में आ गया

by Manu
fadnavis

मुंबई, 30 अक्टूबर 2026: मुंबई के दादर स्थित स्वातंत्र्यवीर सावरकर स्मारक सभागृह में महाराष्ट्राच्या हास्यरेषा पुस्तक का विमोचन किया गया। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे एक ही मंच पर नजर आए। महाराष्ट्र के कला एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान तीनों नेताओं ने राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखकर एक-दूसरे पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणियां कीं।

कार्यक्रम में राज ठाकरे ने आशीष शेलार के उस बयान का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके कहने पर मुख्यमंत्री कार्यक्रम में आए हैं। राज ठाकरे ने मजाकिया अंदाज में कहा आशीष शेलार ने अभी बताया कि मैंने मुख्यमंत्री से कहा और मुख्यमंत्री आ गए। उनका कहना है कि अब आगे भी मैं मुख्यमंत्री को बुलाता रहूंगा और वे आते रहेंगे। मैं बस शेलार से इतना ही कहूंगा कि 2029 तक उनको यही रखो।

राज ठाकरे ने अपने कॉलेज के दिनों और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े एक किस्से को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने तीन साल तक जेजे स्कूल ऑफ आर्ट्स में पढ़ाई की। लेकिन बाद में पढ़ाई छोड़ दी। इस कारण वह स्नातक नहीं हैं। फिर भी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में उम्मीदवार बन सकते हैं।

उन्होंने बताया कि एक बार प्रमोद नवलकर ने उन्हें स्नातक एमएलसी उम्मीदवार का फॉर्म दिखाया था। उसमें आखिर में लिखा था कि उम्मीदवार हस्ताक्षर करे या अंगूठा लगाए। राज ठाकरे ने इस पर तंज कसते हुए कहा स्नातक सीट के लिए उम्मीदवार स्नातक हो यह जरूरी नहीं। मतलब क्या। मेरा भारत महान। कुछ नहीं हो सकता। वह फॉर्म ही एक व्यंग्यचित्र है।

राज ठाकरे ने एक ही मंच पर तीनों नेताओं की मौजूदगी को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि रोज एक-दूसरे पर टिप्पणी करने वाले और आपस में लड़ने वाले नेता एक मंच पर कैसे आ गए यह चर्चा का विषय और ब्रेकिंग न्यूज है। हालांकि कई ऐसे मंच होते हैं जहां राजनीतिक मतभेदों को छोड़कर एक साथ आना पड़ता है। ये मंच कभी कला के होते हैं कभी संगीत के और कभी शादियों के अपनी नहीं दूसरों की शादियों के। उन्होंने कहा कि रोज एक दूसरे पर टिप्पणी करने वाले राजनीतिक मतभेद छोड़कर एक साथ ऐसे कार्यक्रम के लिए मंच पर आना ही महाराष्ट्र की संस्कृति है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने भाषण की शुरुआत में मंच पर खड़े होने की जगह को लेकर मजाक किया। राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने मंच के बाईं ओर से भाषण दिया। जबकि फडणवीस मंच की दाईं ओर रखे माइक पर पहुंचे। इस पर उन्होंने कहा बाकी सब लेफ्ट में चले गए इसलिए मैं राइट में आ गया हूं।

आशीष शेलार की इस टिप्पणी पर कि राज ठाकरे फोन करते हैं तो फडणवीस आ जाते हैं मुख्यमंत्री ने उद्धव ठाकरे पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा आशीष जी 2019 के पहले उद्धव जी ने जब-जब फोन किया और जहां-जहां बुलाया मैं गया। लेकिन उसके बाद उन्होंने कभी फोन ही नहीं किया। फडणवीस ने कहा कि सबसे आखिर में भाषण देने का फायदा यह है कि राज ठाकरे अब उनकी बातों का जवाब नहीं दे पाएंगे।

राज ठाकरे की 2029 वाली टिप्पणी का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर किसी को अपने-अपने क्षेत्र में काम करना चाहिए। उन्होंने कहा राज ठाकरे एक बेहतरीन कार्टूनिस्ट हैं इसलिए उन्हें कार्टून बनाने पर ध्यान देना चाहिए। उद्धव बेहतरीन फोटोग्राफर हैं तो इन दोनों को मुझे आराम से राजनीति करने देना चाहिए।

ये भी देखे: संगरूर में 14 वर्षीय नाबालिग ने 8 वर्षीय मासूम के साथ किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

You may also like