दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट को पुलिस ने दी मंजूरी, पहले सुरक्षा कारणों के चलते नहीं मिली थी इजाजत

by Manu
Diljit Dosanjh

चंडीगढ़, 24 अक्टूबर 2026: दिलजीत दोसांझ के फैंस के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली पुलिस ने सिंगर के ऑरा इंडिया टूर के दिल्ली कॉन्सर्ट को मंजूरी दे दी है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और आयोजकों के बीच कई दौर की बैठकें हुईं। इसके बाद कार्यक्रम को हरी झंडी मिली।

इससे पहले सुरक्षा संबंधी चिंताओं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए पुलिस ने आयोजन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद कॉन्सर्ट के रद्द होने की अटकलें तेज हो गई थीं। अब अनुमति मिलने के बाद आयोजकों ने राहत की सांस ली है और कार्यक्रम की तैयारियां आगे बढ़ने की उम्मीद है।

दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। पहले इस कार्यक्रम की तारीख 1 नवंबर बताई जा रही थी लेकिन बाद में इसे बदलकर 30 अक्टूबर कर दिया गया। अब पुलिस की मंजूरी मिलने के बाद शो के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है। इस कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और आयोजकों के लिए अहम होगा।

कॉन्सर्ट को लेकर विवाद तब शुरू हुआ जब दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला उपायुक्त कार्यालय ने आयोजकों को पत्र लिखकर अनुमति देने से इनकार कर दिया था। यह पत्र टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म बुकमाईशो को भेजा गया था। इसमें सुरक्षा संबंधी खतरों से मिले इनपुट त्योहारी सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों और अन्य महत्वपूर्ण चिंताओं का हवाला दिया गया था। पुलिस के पत्र में कहा गया था कि 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले दिलजीत दोसांझ के ऑरा इंडिया टूर दिल्ली के आयोजन के अनुरोध की समीक्षा की गई है लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। इस फैसले के बाद कॉन्सर्ट पर संकट के बादल मंडराने लगे थे और शो के रद्द होने की चर्चाएं होने लगी थीं।

ये भी देखे: अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को जान से मारने की धमकी, मुंबई मेयर को मिला ईमेल

You may also like