कोडरमा, 11 सितंबर 2026: जेपीएससी और JSSC की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर सीआईडी की जांच का दायरा अब कोडरमा तक पहुंच गया है। गुरुवार की देर रात कोडरमा पहुंची सीआईडी की दो अलग-अलग टीमों ने छापामारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवकों की पहचान कोडरमा थाना क्षेत्र के पूर्णानगर निवासी संदीप कुमार तथा डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवढाब निवासी राजेश प्रसाद यादव के रूप में हुई है। दोनों को पूछताछ के लिए सीआईडी अपने साथ रांची ले गई है।
मिली जानकारी के अनुसार JSSC -सीजीएल परीक्षा धांधली मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों और बिचौलियों से पूछताछ के दौरान कोडरमा के इन दोनों युवकों के नाम सामने आए थे। इसके बाद सीआईडी ने दोनों के ठिकानों पर कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि संदीप कुमार और राजेश यादव आपस में दोस्त हैं और परीक्षा में सेटिंग कराने के नाम पर मध्यस्थ की भूमिका निभाते थे। राजेश प्रसाद यादव के यूट्यूब चैनल चलाने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं संदीप कुमार द्वारा ट्रस्ट संचालित किए जाने की बात बताई जा रही है।
ये भी देखे: JPSC-JSSC विवाद: सीएम हेमंत सोरेन ने कहा- सरकार छात्रों से बातचीत को तैयार