चंडीगढ़, 09 सितंबर 2026: यूके के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में अचानक आई बड़ी तकनीकी खराबी के कारण मंगलवार को विमान सेवाओं पर भारी असर पड़ा है। फ्लाइट मॉनिटरिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 और स्काई न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक इस गड़बड़ी की वजह से लगभग एक हजार उड़ानें पूरी तरह रद करनी पड़ीं। इससे हजारों यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ब्रिटेन की नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज ने मामले पर जानकारी देते हुए कहा कि मंगलवार दोपहर तकनीकी समस्या सामने आते ही इंजीनियरों को तुरंत काम पर लगा दिया गया था। बाद में एक अपडेट जारी कर नैट्स ने पुष्टि की कि सिस्टम में आई खराबी को दूर कर लिया गया है। फ्लाइट ऑपरेशन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है।
एजेंसी ने यात्रियों को हुई इस अचानक असुविधा और देरी के लिए औपचारिक रूप से माफी भी मांगी है। हालांकि यह तकनीकी खराबी किस वजह से हुई इसका कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है। फ्लाइटरडार24 ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि इस सिस्टम फेलियर के कारण ब्रिटिश एयरवेज ईजीजेट केएलएम और लुफ्थांसा जैसी बड़ी एयरलाइंस की दर्जनों उड़ानों का शेड्यूल बिगड़ गया।
बजट एयरलाइन ईजीजेट ने कहा कि उसकी कई उड़ानें संचालित नहीं हो सकीं। इससे पूरे यूरोप में फ्लाइट्स में देरी हुई। लंदन के प्रमुख हीथ्रो स्टैनस्टेड और सिटी एयरपोर्ट के अलावा मैनचेस्टर बर्मिंघम और स्कॉटलैंड के विभिन्न हवाई अड्डों ने भी स्वीकार किया कि इस तकनीकी खामी की वजह से संचालन प्रभावित हुआ है।
हीथ्रो एयरपोर्ट की वेबसाइट के अनुसार मंगलवार को यूरोप जाने वाली कई कम दूरी की उड़ानें रद या देरी का शिकार हुईं। हालांकि आने वाली उड़ानों पर इसका असर नहीं पड़ा।
ये भी देखे: IndiGo Crisis: आज भी इंडिगो संकट बरकरार, 350 से ज़्यादा उड़ानें रद्द