गया, 08 सितंबर 2026: पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुलभ एवं नागरिक-अनुकूल बनाने के लिए गया जिले में दो स्थानों पर पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर आयोजित किए जाएंगे। पहला शिविर बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति में 21 से 22 सितंबर 2026 तक तथा दूसरा शिविर शेरघाटी अनुमंडल कार्यालय परिसर में 23 से 25 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
यह पहल विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के प्रमुख जनसंपर्क कार्यक्रम “पासपोर्ट सेवा – पासपोर्ट आपके द्वार” का हिस्सा है। इसका उद्देश्य पासपोर्ट सेवाओं को नागरिकों के और करीब पहुंचाना तथा विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप सार्वजनिक सेवाओं तक आसान पहुंच को बढ़ावा देना है।
डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र में बड़ी संख्या में पासपोर्ट आवेदन प्राप्त होने के कारण पासपोर्ट सेवा वितरण व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आवेदकों को अधिक सुविधा प्रदान करने के लिए ये विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन के सक्रिय सहयोग से आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य गया जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों की बढ़ती मांग को पूरा करना तथा उन्हें समयबद्ध और सुलभ पासपोर्ट सेवा उपलब्ध कराना है।
गया में पासपोर्ट सेवाओं की बढ़ती मांग नागरिकों को अधिक सुगम सेवा उपलब्ध कराने की आवश्यकता को दर्शाती है। प्राप्त पासपोर्ट आवेदनों की संख्या वर्ष 2021 में 7,518 थी, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 13,193 हो गई। इस प्रकार इसमें 75.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसी अवधि में संसाधित किए गए आवेदनों की संख्या 6,988 से बढ़कर 12,380 हो गई, जो 77.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। बोधगया और शेरघाटी में आयोजित किए जाने वाले ये शिविर इस बढ़ती मांग को पूरा करने में सहायता करेंगे तथा क्षेत्र के आवेदकों को उनके निकट पासपोर्ट संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।
बोधगया और शेरघाटी में आयोजित किए जाने वाले ये पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर अप्रैल 2024 से बिहार में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा आयोजित किया जाने वाला 21वां ऐसा शिविर होगा। यह गया जिले में इस प्रकार का दूसरा शिविर है। इससे पहले वर्ष 2024 में भारतीय प्रबंधन संस्थान, बोधगया में ऐसा शिविर आयोजित किया गया था। राज्य के विभिन्न जिलों एवं संस्थानों में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से अब तक लगभग 3,000 आवेदक अपने निवास स्थान के निकट सुलभ पासपोर्ट सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं।
बोधगया में पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का संयुक्त उद्घाटन 21 सितंबर 2026 को शशांक शुभंकर, भारतीय प्रशासनिक सेवा, जिला पदाधिकारी, गया तथा स्वधा रिज़वी, भारतीय विदेश सेवा, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, पटना द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन के साथ ही बोधगया में दो दिवसीय शिविर की शुरुआत होगी। इसके बाद 23 से 25 सितंबर 2026 तक शेरघाटी में तीन दिवसीय शिविर आयोजित किया जाएगा।
बोधगया और शेरघाटी में आयोजित किए जाने वाले पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविरों के लिए अपॉइंटमेंट पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर जारी कर दी गई हैं। पांच दिवसीय शिविर के लिए कुल 275 अपॉइंटमेंट स्लॉट जारी किए गए हैं। प्रतिदिन 55 स्लॉट उपलब्ध होंगे। इनमें बोधगया में 21 से 22 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले दो दिवसीय शिविर के लिए 110 स्लॉट तथा शेरघाटी में 23 से 25 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय शिविर के लिए 165 स्लॉट निर्धारित किए गए हैं।
इस सुविधा का लाभ उठाने के इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल www.passportindia.gov.in पर जाकर बोधगया या शेरघाटी को अपनी पसंदीदा अपॉइंटमेंट स्थान के रूप में चुनकर अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं।
ये भी देखे: सिवान के समाहरणालय परिसर में तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का होगा आयोजन