मोहाली: MLA कुलवंत सिंह ने 30 आंगनवाड़ी हेल्परों को वितरित किए नियुक्ति पत्र

by Manu
Anganwadi Helpers

चंडीगढ़, 02 सितंबर 2026: पंजाब सरकार द्वारा योग्य उम्मीदवारों को मेरिट के आधार पर रोजगार उपलब्ध करवाने की नीति के तहत विधायक कुलवंत सिंह ने मोहाली के सेक्टर-79 स्थित कार्यालय में 30 नवनियुक्त आंगनवाड़ी हेल्परों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर नवनियुक्त आंगनवाड़ी हेल्परों को बधाई देते हुए विधायक कुलवंत सिंह ने उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण की भावना से करने की अपील की।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा अब तक 70 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध करवाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए नियुक्तियां बिना किसी भेदभाव, सिफारिश या रिश्वत के केवल योग्यता एवं मेरिट के आधार पर की गई हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने लगभग साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध करवाया है और आने वाले समय में भी योग्यता एवं मेरिट के आधार पर बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने का सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि आजादी के बाद पंजाब में किसी भी सरकार द्वारा इतनी बड़ी संख्या में युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध करवाया जाना अपने आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

आंगनवाड़ी सेवाओं के संबंध में उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आंगनवाड़ी केंद्रों को और अपग्रेड किया जाएगा तथा जरूरत के अनुसार नए आंगनवाड़ी केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि महिलाओं और बच्चों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

विधायक ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए राज्यभर में 1000 से अधिक आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों को नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी पंजाब सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे और शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। जिन स्कूलों में चारदीवारी सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी थी, वहां आवश्यक कार्य करवाए गए हैं। इसके अलावा स्कूलों में आवश्यक स्टाफ, आधुनिक उपकरण, एलईडी और कंप्यूटर आदि उपलब्ध करवाकर विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

ये भी देखे: मोहाली में ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण का शुभारंभ, आठ दिनों तक युद्ध स्तर पर चलेगा विशेष सफाई अभियान

You may also like