मोहाली में ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण का शुभारंभ, आठ दिनों तक युद्ध स्तर पर चलेगा विशेष सफाई अभियान

by Manu
मिशन क्लीन पंजाब

भगवंत सिंह मान सरकार द्वारा शुरू किए गए अभियान को लोगों के सहयोग से पूरी तरह सफल बनाया जाएगा – कुलवंत सिंह

चंडीगढ़, 02 सितंबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण के तहत आज नगर निगम, साहिबजादा अजीत सिंह नगर द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। हलका विधायक कुलवंत सिंह ने मेयर सरबजीत सिंह समाना और नगर निगम आयुक्त संदीप सिंह की उपस्थिति में सेक्टर 74-ए (बरियाली), एयरपोर्ट रोड से अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा मोहाली सहित पूरे पंजाब में ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक चरण में आठ दिनों तक युद्ध स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा और इसके बाद भी शहर की स्वच्छता और सुंदरता को बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

विधायक ने कहा कि किसी भी सरकारी अभियान की सफलता के लिए लोगों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मोहाली निवासियों से अपील की कि वे ‘मिशन क्लीन पंजाब’ को जन आंदोलन बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं तथा शहर को स्वच्छ रखने में नगर निगम का सहयोग करें।

कुलवंत सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों की पहचान के लिए सी.सी.टी.वी. कैमरों का उपयोग किया जा रहा है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटने के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने घरों अथवा अन्य स्थानों से कूड़ा लाकर खुले एवं सार्वजनिक स्थानों पर फेंक देते हैं, जिससे शहर की सुंदरता प्रभावित होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे व्यक्तियों की पहचान करने में प्रशासन और नगर निगम का सहयोग करें।

विधायक ने नागरिकों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके नगर निगम द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निस्तारण के लिए देने की भी अपील की। उन्होंने बताया कि नगर निगम के अधीन आने वाले क्षेत्र में सफाई के लिए लगभग 20 से 25 ऐसे स्थानों की पहचान की गई है, जहां विशेष रूप से सफाई अभियान चलाया जाएगा।

इस अवसर पर मेयर सरबजीत सिंह समाना ने कहा कि मोहाली शहर की स्वच्छता और सुंदरता को बनाए रखना नगर निगम की मुख्य प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आज सेक्टर 74-ए (बरियाली), एयरपोर्ट रोड से इस अभियान की शुरुआत की गई है, क्योंकि यह मोहाली का एक महत्वपूर्ण प्रवेश एवं निकास स्थल है।

मेयर ने कहा कि नगर निगम द्वारा पिछले कुछ महीनों से शहर में लगातार विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अब पंजाब सरकार द्वारा राज्य स्तर पर शुरू किए गए ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण के तहत शहर के प्रमुख प्रवेश स्थलों और अन्य चिन्हित स्थानों पर युद्ध स्तर पर सफाई करवाई जा रही है, ताकि कूड़े के ढेरों को हटाकर मोहाली की सुंदरता और स्वच्छ पहचान को और मजबूत किया जा सके।

ये भी देखे: मिशन क्लीन पंजाब: हरजोत सिंह बैंस ने की शुरुआत; सभी MC अधिकारी प्रतिदिन फील्ड में रहेंगे मौजूद

You may also like